“नो ड्रग्स, ओनली म्यूजिक” के संदेश के साथ संगीत और प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
रघुवीर सिंह राणा
लोकल न्यूज ऑफ इंडिया
कुल्लू। देव सदन में आयोजित “हिमालयन स्टार हंट कुल्लू” डांसिंग एवं सिंगिंग प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले शानदार प्रस्तुतियों और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के समापन समारोह में बरागढ़ रिजॉर्ट एंड स्पा, IHCL SeleQtions के डायरेक्टर एवं अवॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस विजेता नकुल खुल्लर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
यह भव्य संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिता RAGA'S MUSIC PRODUCTION के चेयरमैन डॉ. सुरेश द्वारा आयोजित की गई। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा देना और नशे से दूर रहकर संगीत एवं कला के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का संदेश देना था। कार्यक्रम की थीम “नो ड्रग्स, ओनली म्यूजिक” रही, जिसने युवाओं के बीच एक प्रेरणादायक संदेश दिया।
ग्रैंड फिनाले में प्रतिभागियों ने गायन और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। विजेताओं एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि नकुल खुल्लर ने सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर नकुल खुल्लर ने कहा कि संगीत और कला युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल की प्रतिभाओं में अपार संभावनाएं हैं और ऐसे मंच उन्हें अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में एडवोकेट राणा, देवराज शर्मा एवं सुनील कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन के दौरान कलाकारों, प्रतिभागियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
RAGA'S MUSIC PRODUCTION द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम हिमाचल की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। “नो ड्रग्स, ओनली म्यूजिक” का संदेश देते हुए हिमालयन स्टार हंट ने युवाओं को रचनात्मकता और सकारात्मक सोच की ओर बढ़ने का आह्वान किया।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें